जिनेवा: स्विट्जरलैंड के पूर्वी हिस्से में नीदरलैंड के पर्यटकों की बस सड़क के किनारे लगे अवरोधक से टकराकर पलट गई जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। प्राधिकारियों ने बताया कि बस बृहस्पतिवार को दोपहर में ग्राउबुंडेन के आल्प्स क्षेत्र में सुश एवं जर्नेज गांवों के बीच पलट गई। उन्होंने बताया कि बस में 45 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अभियोजक और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि हादसे में कोई अन्य वाहन शामिल नहीं था। इस यात्रा का आयोजन करने वाली ट्रैवल एजेंसी ‘ओएडी’ ने एक बयान में कहा कि वह इस ‘‘दुखद बस दुर्घटना से अत्यंत व्यथित’’ है तथा उसकी संवेदनाएं हादसे से प्रभावित लोगों और उनके प्रियजनों के साथ हैं। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि देश के अधिकारी इस हादसे के संबंध में ‘‘व्यापक और गहन जांच’’ सुनिश्चित करेंगे।



