तंजानिया के ध्वज वाले तेल टैंकर का संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने अपहरण किया

यमन तट के पास तंजानिया के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी असाना का संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया। जहाज को सोमालिया के बारी क्षेत्र की ओर ले जाया गया।

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मोगादिशु (सोमालिया): यमन के तट के निकट तंजानिया के ध्वज वाले एक तेल टैंकर का संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया। सुरक्षा सूत्रों और स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद इस वाणिज्यिक तेल टैंकर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी बारी क्षेत्र के तटीय जलक्षेत्र में ले जाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सामान्य श्रेणी के तेल टैंकर ‘एमटी असाना’ को शुक्रवार को यमन के मुकल्ला बंदरगाह से रवाना होने के बाद कब्जे में ले लिया गया।
इस जहाज को अर्ध-स्वायत्त पंटलैंड प्रांत के बारी क्षेत्र में स्थित कालूला के तट से दूर समुद्र में रोका गया है।
सूत्रों के अनुसार, सात सशस्त्र सोमाली समुद्री डाकुओं ने जहाज का अपहरण किया।
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि टैंकर पर चालक दल के कितने सदस्य सवार थे या इस घटना में कोई घायल हुआ है या नहीं। चालक दल के सदस्यों की राष्ट्रीयता के बारे में तत्काल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
अधिकारियों ने जहाज के कथित अपहरण की घटना पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है, और न ही जहाज के मालिक या उसके प्रबंधक की ओर से तत्काल कोई बयान जारी किया गया।

Share This Article