
जमशेदपुर: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से एक दुखद घटना सामने आई है। वंदे भारत ट्रेन की मरम्मत के दौरान वाशिंग लाइन में काम कर रहे तकनीशियन आशीष मांझी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
इलाज के लिए उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। शनिवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आशीष मांझी की मौत की खबर मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 6 मई और 20 मई को भी प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान दो लोग हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

