अजित सिंह को हराना सबसे बड़ी गलती, भाजपा को सबक सिखाओः नरेश टिकैत

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर काॅलेज मैदान में शुक्रवार को हुई महापंचायत में किसान नेताओं ने एकसुर से लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया।

भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि 2019 में रालोद मुखिया अजित सिंह को हराना हमारी सबसे बड़ी भूल थी। अब भाजपा को सबक सिखाया जाएगा। शनिवार को किसान गाजीपुर बाॅर्डर के लिए कूच करेंगे।

जीआईसी मैदान में शुक्रवार को आयोजित महापंचायत में दूरदराज से किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।

मंच पर भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत, रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी, सपा विधायक नाहिद हसन, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक और पूर्व विधायक पंकज मलिक आदि पहुंचे।

भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि गाजीपुर बाॅर्डर पर धरना जारी रहेगा। उन्होंने किसानों से शनिवार को दिल्ली कूच का आह्वान किया। ये किसान गाजीपुर के धरने को मजबूती देंगे।

भाजपा विधायक ने दी किसान आंदोलन को संजीवनी
नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस आंदोलन को संजीवनी प्रदान कर दी है। अजित सिंह को 2019 के लोकसभा चुनाव में हराना हमारी बड़ी भूल थी। हम गलती को स्वीकार करते हैं। अब भाजपा को सबक सिखाया जाएगा।

गाजीपुर बाॅर्डर पर पहुंचना सही

रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि बागपत में पुलिस ने रात को बुजुर्ग किसानों पर लाठीचार्ज किया। यह पूरी तरह से शर्मनाक है। मेरा जी रो रहा है।

पुरानी बातों को अब भूल जाओ। हमें आगे नहीं झुकना है। आज अस्तित्व की लड़ाई है। जयंत चौधरी ने लोटे में नमक डालकर लोगों से भाजपा को सबक सिखाने की अपील की।

किसान नहीं कर सकता तिरंगे का अपमान

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि किसान किसी भी कीमत पर लाल किले और तिरंगे का अपमान नहीं कर सकता। हम काले कानूनों को वापस कराकर दम लेंगे।

राकेश टिकैत की गिरफ्तारी हुई तो हम जेल भर देंगे। दिल्ली सरकार किसानों के साथ है।

Share This Article