झारखंड

ठंड के दिनों में कंबल का वितरण निश्चित रूप से मानवीय कार्य: रामेश्वर उरांव

रांची: सरकार की ओर से जनता के हित में किए जा रहे कार्यों को जनता के बीच पहुंचाने में संगठन की अहम भूमिका होती है।

उक्त विचार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव द्वारा नव वर्ष एवं रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय के जन्म दिवस के अवसर पर प्रोजेक्ट भवन के समक्ष नेहरू पार्क में गरीबों और मजदूरों के बीच निशुल्क कंबल वितरण के दौरान व्यक्त किया गया।

उरांव ने कहा कि महानगर कांग्रेस द्वारा निरंतर जनहित में कार्य किए जा रहे हैं तथा आज के कार्यक्रम से समाज के अन्य वर्ग प्रोत्साहित होकर जनता के कल्याण के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

ठंड के दिनों में कंबल का वितरण निश्चित रूप से मानवीय कार्य है और कांग्रेस मानवीय मूल्यों को ध्यान में रखकर आम जनता से हमेशा सीधी जुड़े रहने का प्रयास करती रहती है।

जनता ने कांग्रेस की इसी सिद्धांतों से अभिभूत होकर हमें वर्तमान समय में झारखंड की बागडोर सौंपी है और हम पूर्णतः विश्वास दिलाते हैं कि वर्तमान सरकार जनता कीआकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि झारखंड की जनता विगत कई वर्षों से भय, भूख, भ्रष्टाचार से जूझ रही थी।

हमारा प्रयास होगा कि हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करें।

वर्तमान सरकार में विकास को गति देने के लिए सरकार ने कई विकास योजनाओं का खाका तैयार कर रखा है और कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार अपनी घोषणाओं को जमीनी स्तर पर उतारने का कार्य प्रारंभ कर चुकी है।

निश्चित रूप से आगे आने वाले समय में झारखंड में विकास की तीव्र गति देखने को मिलेगी।

इससे पूर्व रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं का मिलन समारोह सह वन भोज कार्यक्रम मोराबादी स्थित संगम गार्डन में किया गया।

कार्यकर्ताओं ने केक काटकर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय का जन्म दिवस मनाया। इस अवसर पर खिजरी विधायक राजेश कच्छप, विधायक अनूप सिंह, अजय शाहदेव सहित अन्य लोगो पांडेय को बधाई दी।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker