Ukraine-Russia War : कीव के करीब पहुंची रूस की सेना, Ukraine के शहरों पर हमले जारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कीव: रूस-यूक्रेन युद्ध का शुक्रवार को 16वां दिन है। रूस की सेना कीव के और करीब पहुंच गई है।

रशियन सेना ने यूक्रेन दूसरे छोर पर स्थित लुत्स्क और निप्रो शहर पर भी हमला किया है। लुत्स्क के मेयर ने लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

मेयर ने लुत्स्य शहर में हवाई क्षेत्र के पास विस्फोट होने की पुष्टि की है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर आरोप लगाया है कि वह अमेरिका के साथ मिलकर बायोलॉजिकल और केमिकल हथियार तैयार कर रहा है।

रूस ने कहा है कि इसे लेकर शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बैठक भी होगी।रूस के इस आरोप पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, ‘मैं एक योग्य देश का योग्य राष्ट्रपति और दो बच्चों का पिता हूं।

मेरी जमीन पर कोई बायोलॉजिकल और केमिकल हथियार नहीं है। पूरी दुनिया और रूस भी यह बात जानते हैं।

अगर रूस हमारे खिलाफ ऐसा कुछ करता है तो कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।’ उल्लेखनीय है कि अमेरिका पहले ही रूस के ऐसे दावों को खारिज कर चुका है।

इस बीच रूस ने यूक्रेन के चार बड़े शहरों को घेर लिया है। रशियन सेना राजधानी कीव की सीमा के बिलकुल करीब पहुंच चुकी है।

ताबड़तोड़ रूसी हमले के बावजूद पूरब में खार्किव अभी यूक्रेन के पास है। उत्तर पूर्व में स्थित सूमी को रूसी सैनिकों ने घेर रखा है।

बावजूद इसके मानवीय गलियारा के जरिए यहां से हजारों लोग सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे हैं।

राजधानी कीव की सीमा पर चारों ओर रूसी सैनिकों की बख्तरबंद गाड़ियां पहुंच चुकी हैं। पिछले दो दिनों में यूक्रेन के सूमी और कीव से करीब 80 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

Share This Article