नई दिल्ली : अमेरिका ने अपने नागरिकों से ईरान की यात्रा न करने के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी वजह से ईरान न जाएं और जो लोग पहले से वहां मौजूद हैं वे तुरंत वहां से निकल जाएं। यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हालात के और बिगड़ने के खतरे को देखते हुए उठाया गया है। एक सुरक्षा अलर्ट में ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने कहा कि इलाके में सुरक्षा की स्थिति जटिल बनी हुई है। साथ ही यात्रियों को चेतावनी दी गई कि उन्हें उड़ानें रद होने, एयरस्पेस बंद होने और दूसरी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

एडवाइजरी में कहा गया, “किसी भी वजह से ईरान की यात्रा न करें। अमेरिकी नागरिकों को अभी ईरान छोड़ देना चाहिए।” अमेरिकी मिशन ने इलाके में मौजूद अमेरिकियों से बहुत सतर्क रहने और एयरपोर्ट, एयरलाइन और बॉर्डर क्रॉसिंग से जुड़ी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखने को कहा। इसमें यह भी चेतावनी दी गई कि ईरान की जमीनी सीमाओं पर नियम बिना किसी सूचना के बदल सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे जिस भी देश में जाना चाहते हैं वहां की एंट्री से जुड़ी जरूरतों की जांच कर लें। अमेरिका ने ईरान समर्थित हूती बलों की गतिविधियों का भी जिक्र किया, जिन्होंने सऊदी अरब में हमले किए हैं।


