विचिटा: अमेरिका के कंसास शहर में शनिवार को फुटबॉल के एक मैदान में एक महिला चालक ने ट्रक घुसा दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 11 घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विचिटा पुलिस के कैप्टन आरोन मोसेस ने बताया कि मृतकों में छह साल का एक लड़का और 35-वर्षीय एक व्यक्ति शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों की उम्र पांच से 68 वर्ष के बीच है। मोसेस ने बताया कि ट्रक की 34-वर्षीय चालक को हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि अधिकारियों को इस घटना को जानबूझकर अंजाम दिये जाने का संदेह है या नहीं। अधिकारी ने बताया, ‘‘हम अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घटना कैसे और क्यों हुई।’’ मोसेस ने बताया कि ट्रक में दो बच्चे भी सवार थे।
पुलिस प्रमुख जो सुलिवन ने बताया कि घटना के तुरंत बाद और आपात सेवाओं के कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने घायलों की जान बचाने के लिए मदद शुरू कर दी थी।
सुलिवन ने बताया, ‘‘यह वाकई हैरान करने वाला था, लेकिन मुझे लगता है कि यह विचिटा के लोगों के स्वभाव को दर्शाता है।’’ अधिकारी ने बताया कि अब आम लोगों के लिए कोई और खतरा नहीं है।


