पणजी: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी रविवार को पार्टी की ‘गोय राखण यात्रा’ (गोवा बचाओ अभियान) में शामिल होंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की यह जनसंपर्क पहल है।
पार्टी पदाधिकारी ने बताया कि तटीय राज्य में 22 सितंबर से शुरू किया गया यह अभियान रविवार को संपन्न होगा।
कांग्रेस के एक नेता ने पूर्व में कहा था कि राहुल गांधी की भागीदारी से पार्टी का अभियान राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित करेगा।
पार्टी की गोवा इकाई के प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने मडगांव में पत्रकारों को बताया कि राहुल गांधी मडगांव शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा करेंगे और फिर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी आलेमाव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर के नेतृत्व में निकाली गई 27 दिवसीय ‘गोय राखण यात्रा’ रविवार को संपन्न होगी।
आलेमाव ने पत्रकारों को बताया कि गोवा में अपने भाषण में राहुल गांधी पार्टी की आगे की कार्ययोजना की घोषणा करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा को सभी विधानसभा क्षेत्रों में जबरदस्त जनसमर्थन मिला है।
आलेमाव ने कहा, ‘‘यात्रा के दौरान हमें लोगों से बहुत प्यार मिला। हर किसी ने अपने-अपने तरीके से इसमें हिस्सा लिया।’’
चोडणकर ने कहा कि राहुल गांधी का गोवा के प्रति विशेष लगाव है और वह कई बार इसे जाहिर भी कर चुके हैं।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने राहुल गांधी को गोवा में जनसभा को संबोधित करने से रोकने की पूरी कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में एक विशेष तूफान उठना शुरू हो गया है और भाजपा में इसे रोकने की ताकत नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कांग्रेस के रविवार के कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की।
चोडणकर ने कहा, ‘‘लेकिन हमने सभी बाधाओं को पार कर लिया और राहुल गांधी मडगांव में जनसभा को संबोधित करेंगे।’’
यह यात्रा राज्य के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई। कांग्रेस ने इस अभियान को गोवा की जमीन, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के आंदोलन के रूप में पेश किया है। इसके जरिए पार्टी ने राज्यभर के लोगों से संपर्क साधने का प्रयास किया।



