बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है. ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाले दोनों कलाकार हाल ही में मुंबई में मिले. इस मुलाकात के लिए वरुण धवन अपने दोस्त सिद्धार्थ मल्होत्रा और उनकी पत्नी कियारा आडवाणी के घर पहुंचे. तीनों ने साथ में अच्छा समय बिताया. इस खास मुलाकात की तस्वीर वरुण ने सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद प्रशंसकों के बीच भी इसकी चर्चा शुरू हो गई.

वरुण ने मजेदार अंदाज में कही दिल की बात
तस्वीर साझा करते हुए वरुण धवन ने अपने दोस्त सिद्धार्थ के लिए मजेदार कैप्शन लिखा. उन्होंने कहा, ‘हीटेड जरूर लेकिन मेरे भाई के साथ कभी राइवलरी नहीं रही.’ इस पोस्ट के जरिए वरुण ने साफ कर दिया कि पर्दे पर भले ही उनके बीच मुकाबला नजर आया हो, लेकिन असल जिंदगी में दोनों के बीच हमेशा दोस्ती रही है. वरुण ने कियारा आडवाणी को अच्छी मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें प्यार से ‘भाभी जी’ भी कहा.

सिद्धार्थ और करण जौहर ने भी किया मजेदार कमेंट
वरुण की इस पोस्ट पर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी प्यार भरा जवाब दिया. उन्होंने लिखा, ‘भाई, तुम हमेशा मेरे पहले रहोगे.’ वहीं, फिल्ममेकर करण जौहर ने भी दोनों की दोस्ती पर खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने वरुण और सिद्धार्थ को उनकी फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के किरदार रोहन और अभिमन्यु की याद दिलाई. करण के मुताबिक, दोनों के बीच कभी प्रतिद्वंद्विता नहीं थी, बल्कि यह जिंदगीभर चलने वाली दोस्ती है.
फिर साथ काम करना चाहते हैं वरुण और सिद्धार्थ
गौरतलब है कि हाल ही में ‘कॉफी विद करण’ में वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ दोबारा काम करने की इच्छा जाहिर की थी. दोनों कलाकारों की इस मुलाकात ने एक बार फिर प्रशंसकों के बीच उन्हें पर्दे पर साथ देखने की उम्मीद जगा दी है.


