
‘द आर्चीज’ से पहचान बनाने वाले वेदांग रैना ने बताया कि अगर ऑडिशन में चयन नहीं होता तो आज वे किसी कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहे होते। वेदांग रैना आज बॉलीवुड के सबसे चर्चित और होनहार युवा कलाकारों में गिने जाते हैं। द आर्चीज से अपने अभिनय करिअर की शुरुआत करने वाले वेदांग ने कम समय में दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। हालांकि, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि उनका जीवन एक बिल्कुल अलग दिशा में जा सकता था।
जॉब प्लेसमेंट से बस एक कदम दूर थे
वेदांग ने बताया कि फिल्मों में आने से पहले वे कॉर्पोरेट दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर चुके थे। उन्होंने कहा कि करीब पांच साल पहले उनके कॉलेज के जॉब प्लेसमेंट लगभग तय हो चुके थे। यदि वे ‘द आर्चीज’ के ऑडिशन में सफल नहीं होते, तो संभवतः किसी कंपनी में नौकरी कर रहे होते और आगे चलकर मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे होते। अभिनेता ने कहा कि वे समय-समय पर खुद को यह याद दिलाते हैं ताकि जमीन से जुड़े रह सकें।
सफलता के बावजूद रखते हैं विनम्र सोच
वेदांग का मानना है कि उनका सफर अभी सिर्फ शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी नहीं लगता कि वे पूरी तरह सफल हो चुके हैं। हर दिन वे खुद को याद दिलाते हैं कि अभी उन्हें लंबा रास्ता तय करना है। हालांकि, अब तक की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व जरूर है और यही सोच उन्हें लगातार बेहतर करने के लिए प्रेरित करती है।
इम्तियाज अली की फिल्म में आएंगे नजर
‘द आर्चीज’ के बाद वेदांग जिगरा में आलिया भट्ट के भाई की भूमिका में दिखाई दिए थे। अब वह जल्द ही इम्तियाज अली की आगामी फिल्म मैं वापस आउंगा में नजर आएंगे, जो 12 जून को रिलीज होने वाली है।

