
अभिनेता विक्रांत मैसी ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने खुलासा किया कि वह और उनका परिवार कई बार साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। विक्रांत ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स कई बार हैक किए गए, जबकि उनकी पत्नी के बैंक खाते से भी धोखाधड़ी के जरिए पैसे निकाले गए।
विक्रांत के अनुसार, उनका इंस्टाग्राम अकाउंट दो बार और फेसबुक अकाउंट एक बार हैक हो चुका है। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी के बैंक खाते से भी दो अलग-अलग मौकों पर साइबर अपराधियों ने पैसे निकाल लिए थे। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं और उनका परिवार भी इससे अछूता नहीं रहा।
परिवार के अन्य सदस्य भी हुए शिकार
अभिनेता ने बताया कि हाल ही में उनके परिवार के एक अन्य सदस्य के साथ भी साइबर फ्रॉड की घटना हुई। उनकी साली के पिता भी ऑनलाइन ठगी का शिकार बने। लगातार ऐसी घटनाएं होने के बाद विक्रांत और उनके परिवार ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद ली, ताकि भविष्य में इस तरह के खतरों से बचा जा सके।
इवेंट के दौरान अभिनेता अरशद वारसी ने माहौल को हल्का बनाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, “मैंने तो सिर्फ एक बार किया था।” उनके इस मजाक पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

