“मेरी जिंदगी में कोई दखल नहीं दे सकता” : सगाई की अफवाहों के बीच तृषा कृष्णन का खास संदेश

Manu Shrivastava
4 Min Read
तृषा कृष्णन
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री तृषा कृष्णन इन दिनों अपनी कथित सगाई की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ तस्वीरों और वीडियो में तृषा को अंगूठी और पेंडेंट पहने देखा गया, जिसके बाद उनकी गुपचुप सगाई की अटकलें तेज हो गईं। फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स लगातार इस विषय पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि दक्षिण भारतीय मीडिया में भी इस खबर को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।

हालांकि, अब तक तृषा की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यदि सगाई हुई है तो उनके मंगेतर कौन हैं। ऐसे में यह पूरा मामला फिलहाल केवल अटकलों तक ही सीमित है।

सोशल मीडिया पोस्ट ने खींचा सबका ध्यान

इसी बीच तृषा कृष्णन की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है। अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पालतू कुत्ते का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह आराम करता नजर आ रहा था। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “एकमात्र नाक जिसे मैं अपने काम में दखल देने की इजाजत देती हूं।”

इस पोस्ट को कई लोग उनकी निजी जिंदगी को लेकर हो रही लगातार चर्चाओं और ट्रोलिंग का जवाब मान रहे हैं। यूजर्स का मानना है कि तृषा ने इस पोस्ट के जरिए साफ संकेत दिया है कि वह अपनी निजी जिंदगी में किसी की दखलंदाजी पसंद नहीं करतीं।

विजय के साथ रिश्ते की अफवाहें फिर हुईं तेज

पिछले काफी समय से तृषा का नाम अभिनेता और राजनेता थलपति विजय के साथ जोड़ा जाता रहा है। दोनों के रिश्ते को लेकर कई बार चर्चाएं सामने आई हैं। इन अफवाहों को तब और बल मिला जब तमिलनाडु के राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में दोनों को कई मौकों पर एक साथ देखा गया।

तृषा को विजय के परिवार के साथ उनके घर पर देखा जाना, अभिनेता अजीत कुमार की मां के निधन पर दोनों का साथ पहुंचना और विजय के महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रमों में तृषा की मौजूदगी ने चर्चाओं को और बढ़ा दिया। इसके अलावा विजय की राजनीतिक गतिविधियों और शपथ ग्रहण समारोह जैसे आयोजनों में भी तृषा अपनी मां उमा कृष्णन के साथ नजर आई थीं।

हालांकि, इन सभी घटनाओं के बावजूद दोनों ने कभी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। इसलिए इन खबरों की पुष्टि नहीं की जा सकती।

पहले भी टूट चुकी है तृषा की सगाई

तृषा कृष्णन की निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रह चुकी है। वर्ष 2015 में उन्होंने चेन्नई के बिजनेसमैन वरुण मनियन के साथ सगाई की थी। उस समय उन्होंने खुद इस रिश्ते की घोषणा की थी और शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं।

लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद सामने आए और यह रिश्ता टूट गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, तृषा अपने अभिनय करियर को प्राथमिकता देना चाहती थीं, जिसके चलते उन्होंने शादी न करने का फैसला लिया। इसके बाद उन्होंने पूरी तरह अपने करियर पर ध्यान केंद्रित किया।

करियर में लगातार बुलंदियां छू रहीं तृषा

फिल्मी मोर्चे पर तृषा लगातार सफलता हासिल कर रही हैं। हाल ही में वह अभिनेता सूर्या के साथ फिल्म ‘करुप्पू’ में नजर आई थीं, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। आने वाले समय में भी उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल सगाई और रिश्तों की चर्चाओं के बीच तृषा का संदेश साफ नजर आता है—वह अपनी निजी जिंदगी को निजी रखना पसंद करती हैं और अपने काम को ही अपनी पहचान मानती हैं।

Share This Article