
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता विक्रांत मैसी ने अभिनय के बाद अब फिल्म निर्माण की दुनिया में भी कदम रख दिया है। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘होममेड स्टोरीज’ का आधिकारिक ऐलान करते हुए पहली फिल्म ‘मुसाफिर कैफे’ का टीजर रिलीज किया है। यह रोमांटिक ड्रामा 24 जुलाई 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
रोमांस और भावनाओं से भरपूर कहानी
विक्रांत मैसी ने अपनी पहली प्रस्तुति के लिए रोमांस और मानवीय भावनाओं से जुड़ी कहानी को चुना है। ‘मुसाफिर कैफे’ की कहानी भोपाल और मसूरी की खूबसूरत वादियों में बुनी गई है, जहां तीन मुसाफिरों की जिंदगी एक अनपेक्षित मोड़ पर आकर एक-दूसरे से जुड़ जाती है।
चंदर मोहन शर्मा के किरदार में दिखेंगे विक्रांत
फिल्म में विक्रांत मैसी चंदर मोहन शर्मा की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपनी पहचान और अपनेपन की तलाश में है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म यह संदेश देती है कि जीवन बदल देने वाले लोग अक्सर तब मिलते हैं, जब उनकी सबसे कम उम्मीद होती है। भावनात्मक कहानी और खूबसूरत लोकेशंस के साथ यह फिल्म दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।

