वाम मोर्चे, तृणमूल की नीतियों ने बंगाल के औद्योगिक क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया: शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए निवेश, रोजगार सृजन और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि वाम मोर्चे के 34 साल के शासन के दौरान अपनाई गई ‘गलत ट्रेड यूनियन राजनीति’ के कारण राज्य के औद्योगिक क्षेत्र को नुकसान हुआ। उन्होंने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी अपने 15 साल के कार्यकाल के दौरान केवल तुष्टीकरण और मुफ्त की योजनाओं की राजनीति पर ध्यान देने का आरोप लगाया। अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखे जाने के कार्यक्रम में अधिकारी ने कहा कि लगातार बनी रही सरकारें राज्य में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाने में विफल रही हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘वाम मोर्चा सरकार की गलत ट्रेड यूनियन राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल के औद्योगिक क्षेत्र को नुकसान हुआ। तृणमूल कांग्रेस भी औद्योगिकीकरण पर पर्याप्त ध्यान देने में विफल रही। पिछले 15 वर्षों में पिछली सरकार की दिलचस्पी केवल तुष्टीकरण और मुफ्त की योजनाओं की राजनीति में थी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अलग रुख अपनाने और ऐसा माहौल बनाने का फैसला किया है जिससे उद्योगों को पश्चिम बंगाल में निवेश करने तथा अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहन मिले।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने राज्य के औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाने का फैसला किया है।’’ अधिकारी ने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करने और राज्य के युवा कार्यबल को राज्य में बनाए रखने के लिए औद्योगिकीकरण महत्वपूर्ण है। अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखा जाना राज्य में बड़े निवेश आकर्षित करने और स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे के विस्तार के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निवेश को सुगम बनाएगी और पश्चिम बंगाल में पहले से काम कर रहे या इकाइयां स्थापित करने की इच्छा रखने वाले उद्योगों के सामने आने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में काम करेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।