
West Singhbhum crime: पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जराईकेला थाना क्षेत्र के तिरिलपोसी गांव स्थित गगराई टोला में एक महिला पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की देर रात करीब डेढ़ बजे 45 वर्षीय सुमा गुड़िया की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनकी पत्नी बालेमा गुड़िया ने नशे की हालत में घर में रखे लोहे के सब्बल से पति पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सुमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जराईकेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया करीब साढ़े चार फीट लंबा लोहे का सब्बल और मिट्टी के नमूने भी बरामद किए हैं। इस मामले में थाना कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।


