चाची ने डांटा तो बनाया लूट का प्लान, फिर किया ऐसा कांड पुलिस भी रह गई दंग!

News Update
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu Robbery News: पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव के मुगलजान टोले में 20 नवंबर की रात शिक्षक दंपती मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी अनिता देवी को बंधक बनाकर मारपीट व लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।

मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात का मास्टरमाइंड खुद शिक्षक दंपती का भतीजा निकला।

27 दिन में पुलिस ने किया उद्भेदन

घटना के 27 दिनों के भीतर पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए शिक्षक दंपती के भतीजे नीरज कुमार (19) और उसके साथी ओमप्रकाश सिंह उर्फ दीपक सिंह उर्फ दीपू (22) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कुकही गांव के ही रहने वाले हैं।

चाची की डांट और नशेड़ी कहे जाने से था नाराज

SP रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नीरज कुमार को उसकी चाची अनिता देवी लगातार डांट-फटकार करती थीं और नशेड़ी कहकर अपमानित करती थीं।

20 नवंबर को भी सबके सामने डांट पड़ने से नीरज काफी आक्रोशित हो गया और उसने चाचा-चाची को सबक सिखाने की योजना बना ली।

आपराधिक साथी के साथ बनी लूट की साजिश

SP के अनुसार शुरुआत में ओमप्रकाश इस योजना के लिए तैयार नहीं हुआ। इसी बीच ओमप्रकाश का साथी विक्की कुमार गांव आया, जो पहले से आपराधिक मामलों (Criminal Cases) में शामिल रहा है। नीरज और ओमप्रकाश ने विक्की के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

उन्हें लगा कि घर में जेवर और नगद मिल सकते हैं। इसके बाद नीरज, ओमप्रकाश, विक्की समेत कुल छह लोग शिक्षक मृत्युंजय मेहता के घर में घुसे और मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया।

एक आरोपी पहले से जेल में, तीन की तलाश

घटना में शामिल तीसरे आरोपी विक्की कुमार को औरंगाबाद पुलिस ने 2 दिसंबर को एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वहीं तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

लूटा गया मोबाइल और हथियार बरामद

जांच के दौरान 17 दिसंबर को पहले नीरज को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए साथियों की जानकारी दी। उसके घर से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

नीरज की निशानदेही पर ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया, जिसके घर से घटना में इस्तेमाल एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं।

विक्की पर कई राज्यों में केस दर्ज

SP ने बताया कि विक्की कुमार औरंगाबाद के खैरा NTPCअंतर्गत घूजा गांव का रहने वाला है।

उसके खिलाफ बिहार के NTPC खैरा थाना में चार और छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में एक आपराधिक मामला दर्ज है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद लूटी गई ज्वेलरी, नगद और अन्य सामान के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Share This Article