33 किलो का भारी कवच और 1.8 किलो का मुकुट, रामायण में रावण बनने के लिए यश ने उठाया इतना वजन

Manu Shrivastava
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्म बनाना आसान नहीं होता. खासकर जब कहानी रामायण जैसे महाकाव्य पर आधारित हो, तो किरदारों की वेशभूषा से लेकर उनके हाव-भाव तक पर खास ध्यान देना पड़ता है. इन दिनों फिल्म में रावण के किरदार को लेकर अभिनेता यश का लुक चर्चा में है. अब कॉस्ट्यूम डिजाइनर और स्टाइलिस्ट सानिया सरदारीया ने उनके इस लुक को तैयार करने के पीछे की मेहनत के बारे में कई दिलचस्प बातें साझा की हैं.

कई पोशाकों का वजन था 16 से 20 किलो

इंडिया टुडे से बातचीत में सानिया ने बताया कि रावण के लिए तैयार की गई ज्यादातर पोशाकों का वजन करीब 16 से 20 किलो था. इसमें भारी आभूषण भी शामिल थे. हालांकि, कुछ खास लुक इससे भी ज्यादा वजनदार थे. लंका से जुड़े रावण के लुक, उसकी शादी की पोशाक और शूर्पणखा की शादी के दौरान पहने जाने वाले कॉस्ट्यूम का वजन लगभग 30 से 33 किलो तक पहुंच गया था.

1.8 किलो का था रावण का मुकुट

सानिया ने बताया कि पूरे कॉस्ट्यूम में सबसे बड़ी चुनौती रावण का मुकुट तैयार करना था. सिर पर थोड़ा सा भी अतिरिक्त वजन होने से परेशानी होती है. इसलिए डिजाइन टीम ने मुकुट के कई 3D मॉडल तैयार किए. पहले उसके डिजाइन को अंतिम रूप दिया गया और फिर उसका वजन कम करने पर काम शुरू हुआ.

कई प्रयोगों के बाद तैयार हुआ डिजाइन

डिजाइनर के मुताबिक, टीम ने मुकुट को हल्का बनाने की काफी कोशिश की, लेकिन अंत में उसका वजन 1.8 किलो ही रखा जा सका. उन्होंने बताया कि इससे कम वजन में उस मुकुट को तैयार करना संभव नहीं हो पाया. यश के चेहरे के भावों से दर्शकों को भले ही परेशानी का अंदाजा न लगे, लेकिन इतने भारी मुकुट को पहनना आसान नहीं था.

भारी कॉस्ट्यूम में यश ने कैसे की शूटिंग?

सानिया ने बताया कि भारी पोशाकों के कारण यश के लिए सामान्य तरीके से चलना-फिरना भी मुश्किल हो जाता था. लंबे समय तक इन कॉस्ट्यूम को पहनकर शूटिंग करना शारीरिक रूप से थकाने वाला था. हालांकि, यश ने इस चुनौती को सहजता से लिया. वह सेट पर मौजूद लोगों के साथ मस्ती भी करते थे और अपने कॉस्ट्यूम के नुकीले हिस्सों से टीम के सदस्यों को मजाकिया अंदाज में परेशान करते थे.

Share This Article