सपा का मतलब लूट-खसोट, डकैतों का गिरोह: योगी आदित्यनाथ

देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को लूट-खसोट और डकैतों का गिरोह बताया तथा पिछली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवरिया (उप्र): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया, ‘‘सपा का मतलब है लूट-खसोट, सपा का मतलब है डकैतों का एक गिरोह।’’
योगी ने यहां 305 करोड़ रुपये से अधिक की 80 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘2017 से पहले कहावत थी – देख सपाई, बिटिया घबराई।’’
लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अपनी अय्याशी के लिए सपा मुखिया ने प्रदेश के खजाने में जो डकैती डाली, उसके लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले प्रदेश में माफियाओं की समानांतर सत्ता चलती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश अपने नाम के अनुरूप बन चुका है और अब कोई प्रदेश को ‘‘बीमारू राज्य’’ या ‘‘प्रश्न प्रदेश’’ नहीं कहता।
योगी ने कहा, ‘‘अब उप्र में ‘एक जिला- एक माफिया’ नहीं, ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ है। हमने माफिया को मिट्टी में मिलाया है तो इंसेफेलाइटिस को समाप्त कर दिया है।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया, ‘‘उप्र में 2017 से पहले न विकास था, न सुरक्षा थी, न सम्मान था। न रोजगार था, न गरीब के लिए आवास, शौचालय, रसोई गैस कनेक्शन, बिजली और सड़क थी। स्कूल नकल के अड्डे बन गए थे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई से 15 नवंबर तक इंसेफेलाइटिस का दौर देवरिया, महराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, संतकबीरनगर और बस्ती में भय लेकर आता था।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह बीमारी नहीं, सपा-कांग्रेस सरकारों की बीमार मानसिकता थी। 40 साल में 50 हजार मासूमों की मौत हो गई, लेकिन सपा या कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री हाल लेने नहीं आया।’’
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम और विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी समेत कई नेता मौजूद थे।

Share This Article