
Voter List Revision : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी देखने को मिल रही है। अभियान शुरू होने के सिर्फ सात दिनों के भीतर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने राज्य के करीब 1.05 करोड़ मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिया है। यह राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 39.73 प्रतिशत है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने BLA-2 को सक्रिय रखने की अपील की, ताकि पात्र मतदाताओं तक समय पर फॉर्म पहुंचाने और उसके डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक BLA-2 प्रतिदिन अधिकतम 50 इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित BLO को जमा कर सकता है। इसके लिए BLA-2 को एक सत्यापन प्रमाण-पत्र देना होगा, जिसमें यह घोषित करना अनिवार्य होगा कि फॉर्म में दी गई जानकारी सही है और उसका सत्यापन किया गया है। गलत जानकारी देने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, BLA-2 केवल सामान्य पात्र मतदाताओं के फॉर्म ही जमा कर सकेंगे। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और हस्ताक्षर से इनकार/गैर-भारतीय श्रेणी के मतदाताओं के फॉर्म वे जमा नहीं कर सकेंगे। इन श्रेणियों की अलग सूची तैयार कर BLO की सूची से उसका मिलान किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही अंतिम सूची तैयार होगी।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को जारी होने वाले मतदाता सूची के प्रारूप के साथ इन पांच श्रेणियों की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन मतदाताओं का डेटा पहले से सफलतापूर्वक मैप हो चुका है, उन्हें सामान्य परिस्थितियों में अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी BLO को निर्देश दिया है कि वे घर-घर जाकर अधिक से अधिक मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करें, ताकि राज्य की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित तैयार की जा सके।

