
बीडीओ संतोष बैठा ने ग्रामीणों से की सहयोग की अपील
महुआडांड़ : मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत महुआडांड़ प्रखंड की अम्बवाटोली पंचायत में बीते दो दिनों से सघन अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत के बूथ संख्या 294 और 296 में बीएलओ टीम ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण किया और ग्रामीणों को फॉर्म भरने की विस्तृत जानकारी दी।
बीडीओ संतोष बैठा ने ग्रामीणों से की सहयोग की अपील
सोमवार को बूथ संख्या 294 में बीएलओ अन्ना लकड़ा और बीएलओ सुपरवाइजर खुर्शीद खान ने पूरे बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर SIR गणना प्रपत्र का वितरण किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर फॉर्म भरने के तरीके और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई।अभियान का निरीक्षण करने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संतोष बैठा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीएलओ टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा: SIR मतदाता सूची को शुद्ध करने की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। मेरा सभी लोगों से आग्रह है कि BLO का सहयोग करें। जो फॉर्म दिए जा रहे हैं उसे सही और पूरी जानकारी के साथ भरें, ताकि समय पर ऑनलाइन अपलोड किया जा सके और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।BLO अन्ना लकड़ा ने ग्रामीणों से अपील की कि वितरित फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरकर सुरक्षित रखें और निर्धारित तिथि पर BLO को जमा करें, ताकि डेटा एंट्री में किसी प्रकार की देरी न हो।
बूथ 296: बीएलओ गीता कुमारी ने संभाला मोर्चा
इससे पहले रविवार को बूथ संख्या 296 में BLO गीता कुमारी और सुपरवाइजर खुर्शीद खान ने पंचायत के विभिन्न टोलों में घर-घर जाकर SIR प्रपत्र बांटे। आंगनबाड़ी केंद्र में हुई बैठक में उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि प्रपत्र में परिवार के सभी सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, पता और अन्य आवश्यक जानकारी सही-सही भरना अनिवार्य है।BLO गीता कुमारी और सुपरवाइजर खुर्शीद खान ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना है। इसके माध्यम से नए 18+ मतदाताओं का नाम जोड़ा जाएगा, वहीं मृत या स्थानांतरित लोगों का नाम हटाया जाएगा।
ग्रामीणों ने दिया सहयोग का भरोसा
दोनों बूथों की बैठकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस अभियान में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया।प्रशासन का लक्ष्य है कि अम्बवाटोली पंचायत के सभी बूथों में शत-प्रतिशत गणना हो और एक भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए। SIR के तहत भरे गए फॉर्म का सत्यापन कर जल्द ही ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

