

रांची: JPSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CID ने रविवार को रांची और हजारीबाग में कई ठिकानों पर छापेमारी की। जांच टीम ने प्रमुख कोचिंग संस्थानों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल की। इस दौरान मामले से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज और साक्ष्य जुटाए जाने की बात सामने आई है।





रांची में CID की एक टीम ने लालपुर स्थित शिवांगन की पाठशाला कोचिंग संस्थान में छापेमारी की। टीम ने संस्थान में मौजूद रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य कागजात की जांच की। इसके बाद जांच टीम कोचिंग संस्थान के निदेशक रंजीत कुमार के रातू रोड स्थित आवास पर भी पहुंची। यहां भी अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की।
हजारीबाग के कोचिंग सेंटर में भी कार्रवाई
CID की दूसरी टीम ने हजारीबाग स्थित मेघा कोचिंग सेंटर में छापेमारी की। यहां भी संस्थान से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान मिले कुछ दस्तावेजों को अधिकारियों ने अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच तेज
JPSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर CID की जांच पहले से चल रही है। अब जांच का दायरा कोचिंग संस्थानों तक पहुंचने के बाद एजेंसी परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान हुई संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कोचिंग संस्थानों, अभ्यर्थियों और अन्य लोगों के बीच किसी तरह का संपर्क या नेटवर्क था या नहीं। दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का पहले से जुटाई गई जानकारी से मिलान किया जा रहा है।
हालांकि, CID की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि छापेमारी के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या सामग्री बरामद हुई है और उनका जांच में क्या महत्व है। फिलहाल मामले में CID की जांच जारी है।
