झारखंड में फिर पैर पसार रहा कोरोना वायरस, कुल सक्रिय मामलों में से 75 प्रतिशत मामले रांची और कोडरमा से

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में कोविड-19 का प्रभाव खत्म हो गया है, ऐसा बिल्कुल भी नहीं कहा जा सकता है। राज्य अभी भी कोरोना संक्रमण के मामले मिल रहे हैं।

राजधानी रांची और कोडरमा जिला संक्रमण के मामलों में अधिकता देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि झारखंड में अभी कोरोना संक्रमण के कुल सक्रिय मामलों में से 75 प्रतिशत मामले रांची और कोडरमा में ही मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को रांची में 22 संक्रमित मिले, जबकि कोडरमा में 26 लोग संक्रमित पाये गये हैं। इन्हें जोड़ लिया जाये, तो रांची में अभी सक्रिय मामलों की संख्या 110 और कोडरमा में 90 हो गयी है।

जांच लैब से मिली जानकारी के मुताबिक, मौजूदा समय में मिले नये संक्रमितों में से ज्यादातर मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री है।

इनमें से कोई दूसरे राज्य में शादी समारोह, तो कोई पारिवारिक समारोह या अन्य किसी आयोजन में शामिल होकर झारखंड लौटे हैं।

ऐसे लोगों में सामान्य लक्षण मिलने पर जब उनकी कोरोना जांच की जा रही है, तो उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। रेलवे स्टेशन पर भी जांच में पॉजिटिव रिजल्ट आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रांची में पिछले तीन दिनों में कोविड-19 के 59 नये मरीज मिले हैं। 22 दिसंबर को 25, 23 दिसंबर को 12 और 24 दिसंबर को 22 मरीज मिले हैं। जो नये मरीज मिले हैं, वे रांची के डोरंडा, अरगोड़ा, पिस्का मोड़, चुटिया, लालपुर, बरियातू क्षेत्र के हैं।

कोडरमा जिला की बात करें, तो यहां महज छह दिनों में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। कोडरमा में 19 दिसंबर को सिर्फ एक सक्रिय मामला था, लेकिन 24 दिसंबर को यहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 90 हो गयी।

शुक्रवार को यहां संक्रमण के 26 नये मामले मिले।

जानकारी के मुताबिक, कोरोना के सेकंड वेव के बाद संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले कोडरमा प्रखंड में झुमरीतिलैया और कोडरमा के शहरी इलाकों में सामने आ रहे हैं।

इनमें से ज्यादातर मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री है। यहां संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर भी कम बतायी जा रही है। पिछले 15 दिनों के अंदगर कोडरमा में सिर्फ पांच मरीज ही स्वस्थ हुए हैं।

Share This Article