…और इस तरह Missile Attack से दो सेकंड में ध्वस्त हो गया खारकीव का प्रशासनिक मुख्यालय

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कीव: यूक्रेन पर रूसी हमले की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है। अब रूसी सेनाएं प्रमुख यूक्रेनी शहरों के प्रशासनिक तंत्र पर सीधे हमला कर रही हैं। मंगलवार को रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ताबड़तोड़ हमले किये।

रूसी सेना की एक मिसाइल ने सीधे खारकीव के प्रशासनिक मुख्यालय को निशाना बनाया। मिसाइल हमले में प्रशासनिक मुख्यालय भवन दो सेकंड में ध्वस्त हो गया।

मंगलवार को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग आठ बजे खारकीव के प्रशासनिक मुख्यालय भवन पर मिसाइल दागी गयी। इससे यह भवन तो ध्वस्त हुआ ही, आसपास मौजूद कई नागरिकों के भी हताहत होने की जानकारी सामने आई है।

खारकीव के प्रमुख ओलेग सेनगुबोव ने भी प्रशासनिक इमारत गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आज रूसी हमले का छठा दिन है और अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी रूस की ओर से हमले किए जा रहे हैं।

प्रशासनिक व आवासीय भवनों पर हमलों को युद्ध नियमों का उल्लंघन माना जाता है। सेनगुबोव ने कहा कि रूस ने ग्रेड और क्रूज मिसाइलों से खारकीव पर हमला बोल दिया है। रूस अब युद्ध अपराध कर रहा है लेकिन हमारी सेनाएं डटी हुई हैं और रूस का कड़ा मुकाबला किया जा रहा है।

खारकीव के अलावा रूसी सेना ने राजधानी कीव की भी घेरेबंदी कर ली है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से किसी भी वक्त बड़ा हमला किया जा सकता है।

कीव में लगातार हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं। पूरा शहर लगभग खाली-सा हो गया है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग निकल गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा रूसी सेना से मुकाबले के लिए रुके हुए हैं।

Share This Article