Ukraine crisis : रूस के रास्ते भारतीयों को निकालने के लिए वायुसेना के Il-76 विमान तैयार

News Aroma Media
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना ने युद्धग्रस्त यूक्रेन के पूर्वी शहरों-सूमी और खारकीव आदि में फंसे भारतीयों को रूसी राजधानी मास्को के रास्ते निकालने के लिए दो आईएल-76 सैन्य परिवहन विमानों को तैयार (स्टैंडबाई) रखा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी यूक्रेन के शहरों में भीषण लड़ाई हो रही है और वहां फंसे भारतीय यूक्रेन की पश्चिमी सीमा तक नहीं पहुंच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इसलिए भारतीय वायुसेना रूसी सैन्य बलों की मदद से उन्हें मास्को के रास्ते निकालने की योजना बना रही है।

भारत अब तक, यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसियों जैसे रोमानिया, स्लोवाकिया, पोलैंड और हंगरी के रास्ते अपने नागरिकों को निकाल रहा है क्योंकि रूसी हमले के कारण यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी से बंद है।

अधिकारियों ने कहा कि रूसी मूल के दो आईएल-76 विमानों को तैयार रखा गया है ताकि वे तत्काल मास्को रवाना हो सकें और भारतीयों को निकाल सकें।

वायुसेना ने अब तक, यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देशों से सात उड़ानों के जरिए कुल 1,428 भारतीयों को बाहर निकाला है। इन सात उड़ानों का संचालन अमेरिकी मूल के सी-17 विमानों के जरिए किया गया।

Share This Article