JEE और NEET के छात्रों को अतिरिक्त मौका देने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई टली

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना की वजह से जेईई और नीट की अपनी अंतिम परीक्षा में शामिल नहीं हो सके छात्रों को अतिरिक्त मौका देने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई टाल दी है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसी मसले पर कोर्ट यूपीएससी मामले में सुनवाई पूरी कर चुका है, इसलिए फैसले का इंतजार करें।

याचिका में नीट और जेईई की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके छात्रों को परीक्षा में शामिल होने के लिए दोबारा मौका देने की मांग की गई है।

याचिका में उन खबरों को आधार बनाया गया है, जिनमें कुछ वजहों से छात्र परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए। याचिका वकील शाश्वत आनंद ने दायर की है।

याचिकाकर्ता की ओर से वकील राजेश इनामदार, अमित पाई और स्मिता पांडेय ने कहा है कि उन छात्रों को दोबारा परीक्षा में शामिल होने के लिए दिशानिर्देश जारी किया जाए, जो किन्हीं वजहों से परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए।

याचिका में एक अखबार की उस खबर का जिक्र किया गया है, जिसमें कहा गया है कि बिहार के एक छात्र को कोलकाता के सेंटर पर दस मिनट लेट से पहुंचने की वजह से परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया।

Share This Article