
पटना : पटना के दनियावां थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। फरीदपुर बाजार स्थित एक कोचिंग संस्थान और हॉस्टल में शिक्षक पर 8 साल के मासूम बच्चे के गाल को गर्म कलछी से दागने का आरोप लगा है। घटना के लेकर बताया जा रहा है कि बच्चे ने बिस्किट खा लिया था जिससे नाराज शिक्षक ने उसके गाल को गर्म कलछी से दाग दिया।
पीड़ित बच्चे के मामा विशाल कुमार के अनुसार, उनका भगिना अभिराज कुमार (8 वर्ष) फरीदपुर स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। गुरुवार की दोपहर शिक्षक की गैरमौजूदगी में बच्चे ने वहां रखा बिस्किट खा लिया था। उन्होंने कहा कि जब हॉस्टल संचालक सह शिक्षक उमेश कुमार वापस लौटे तो मामले की जानकारी मिलने पर वह गुस्से में आगबबूला हो गए। जिसके बाद उन्होंने मासूम के गाल पर गर्म कलछी लगा दी। घटना के बाद बच्चा दर्द से तड़पता रहा। घटना की जानकारी बाद में वहां पढ़ने वाले अन्य बच्चों ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही बच्चे के माता-पिता तुरंत हॉस्टल पहुंचे और उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत स्थानीय थाना में कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

