रांची : रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर गेट नंबर 2 के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग राजकुमार प्रसाद की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन कर रहे लोग लगातार यह मांग कर रहे हैं कि हादसे को अंजाम देने वाले आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग राजकुमार प्रसाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे अशोक नगर से फेरी लगाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार सफेद और ग्रे रंग की क्रेटा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस भीषण हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों और परिजनों में गहरा गुस्सा है, जिसके चलते वे सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


