चतरा: झारखंड के चतरा सदर अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे एक माह के मासूम की शुक्रवार शाम मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया था, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। करीब दो घंटे तक इंतजार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर प्रखंड के हारा गांव निवासी छत्तीस भारती अपने एक माह के बेटे रूपेश कुमार को इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि रेफर किए जाने के बाद उन्होंने बच्चे को हजारीबाग ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद मासूम की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे की मौत के बाद शव को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई।
वहीं, इस मामले में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की स्थिति बेहद गंभीर थी। अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध थी, लेकिन पहले बच्चे को स्थिर करने का प्रयास किया जा रहा था। अंबु बैग से सहायता देने के बावजूद इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
घटना के बाद सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल परिजनों के आरोप और अस्पताल प्रबंधन के बयान में विरोधाभास है। मामले में एंबुलेंस की उपलब्धता और इलाज के दौरान हुई घटनाओं की जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


