बोकारो के एक घर से विस्फोटकों का जखीरा बरामद

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बोकारो: बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को छापेमारी कर भारी मात्रा में पावर जेल, जिलेटिन, डेटोनटर सहित विस्फोटक पदार्थ जब्त किये हैं।

विस्फोटक बरामदगी के बाद एसडीपीओ के निर्देश पर बेरमो के विभिन्न थानों की पुलिस के द्वारा आसपास के क्षेत्रों एवं घरों में भी सर्च अभियान किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के काछो पंचायत अंतर्गत बुटवरिया गांव में सुखलाल मांझी के घर में भारी मात्रा में पावर जेल, जिलेटिन सहित विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गयी है।

सूचना के आधार पर एसडीपीओ ने गोमिया थानेदार आशीष खाखा, चतरोचट्टी थानेदार, बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार सिंह एवं पेंक नारयणपुर थानेदार सुधांशु श्रीवास्तव के साथ जवानों के सहयोग से टीम बनाकर बुटवरिया स्थित सुखलाल मांझी के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान सुखलाल मांझी के घर में सर्च करने पर तीन कार्टून विस्फोटक पावर जेल, पांच बंडल जिलेटिन एवं डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री बरामद की गयी।

छापेमारी के दौरान सुखलाल घर में नहीं था।

छापेमारी के बाद एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने पूछे जाने पर बताया कि सुखलाल के घर में विस्फोटक के रखे जाने की सूचना पर पुलिस के द्वारा छापेमारी कर घर में रखा विस्फोटक बरामद किया गया है।

एसडीपीओ ने कहा कि घर में काफी मात्रा में विस्फोटकों के खाली कार्टून मिलने से यह पता चलता है कि विस्फोटकों का कारोबार काफी लंबे समय से किया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन और जांच के बाद ही सही जानकारी मिल पायेगी।

Share This Article