झारखंड-बिहार का मोस्टवांटेड नक्सली विवेक यादव की गोली मारकर हत्या

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand :  झारखंड और बिहार का मोस्टवांटेड नक्सली, 13 लाख रुपये का इनामी विवेक यादव की हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, उसकी हत्या बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के मंझौली स्थित टेकरा खुर्द गांव के पास एक जंगल में की गई। हत्या के पीछे नक्सलियों के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई का कारण बताया जा रहा है।

घटना का खुलासा

मंगलवार को लकड़हारों और चरवाहों ने एक युवक का शव पहाड़ी क्षेत्र में पड़ा देखा और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा और मृतक की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई।

प्रेमिका से मिलने आया था विवेक

पुलिस जांच में पता चला कि विवेक यादव अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। इसी दौरान उसके साथियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि हत्या के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस से बचने के लिए उसके साथियों ने यह कदम उठाया होगा।

विवेक यादव का नक्सल इतिहास

विवेक यादव पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख रुपये का इनाम रखा था, जबकि बिहार पुलिस ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी और मध्य बिहार जोनल कमेटी में एक प्रमुख नक्सली नेता था। विवेक यादव कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा और नक्सली नेता संदीप की मौत के बाद उसने माओवादी संगठन की कमान संभाली थी।

Share This Article