बोकारो में बिपुल मिश्रा की टांगी से मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: बोकारो जिले के बेरमो क्षेत्र अंतर्गत पेटरवार थाना के पिछरी गांव में मंगलवार रात एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी। मिश्रा टोला निवासी 25 वर्षीय बिपुल मिश्रा की टांगी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।

बिपुल के पिता गुलचंद कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे बिपुल को उसके तीन दोस्तों ने घर से बुलाया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

रात में ग्रामीणों ने बीरोह टांड जंगल में बिपुल का शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। बुधवार को थाना प्रभारी राजू मुण्डा ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए कई कोणों से जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में दोस्तों के साथ किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Share This Article