रांची के CMPDI कॉलोनी में बंद घर से 30 लाख के गहने की चोरी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

 

Jharkhand News: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र के CMPDI कॉलोनी में चोरी का मामला गुरुवार को प्रकाश में आया है। एक बंद घर का ताला तोड़कर चोर 30 लाख रुपये से ज्यादा के गहने और नकदी लेकर फरार हो गये। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार CMPDI कॉलोनी स्थित सीएमपीडीआई के एचआरडी डिपार्टमेंट में कार्यरत रानी कुमारी के घर में चोरी की यह वारदात हुई है। चोरों ने घर से 30 लाख के गहने और 75 हजार रुपये नगद चोरी कर ली है।

चोरी की घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए गिरिडीह गया हुआ था।

गिरिडीह में रहने के दौरान ही घर की नौकरानी के माध्यम से रानी को इस वारदात की जानकारी मिली। इसके बाद पूरा परिवार रांची पहुंचा और मामले की जानकारी गोंदा थाना पुलिस को दी गई।

रानी ने गोंदा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज करायी है। थाने में दिए आवेदन में उन्होंने बताया है कि उनका पूरा परिवार शादी समारोह में भाग लेने के लिए 6 मई को गिरीडीह गया था।

7 मई की शाम उनकी नौकरानी ने फोन कर बताया कि घर के सभी दरवाजे खुले हुए हैं, लगता है घर में चोरी हुई है।

रानी जब घर पहुंची तो उन्होंने देखा कि घर में रखे सारे गहने और नगदी गायब हैं।

रानी के अनुसार चोरी गए गहनों में चार मंगलसूत्र हैं, जिसमें से एक हीरे का था, इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, मांगटीका, नथ, हीरे का नोजपिन और सोने के लॉकेट जैसे गहने हैं। गोंदा थाना प्रभारी अभय सिन्हा ने बताया की चोरी के मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article