हजारीबाग ओपन जेल से तीन बांग्लादेशी कैदी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाशी

News Aroma
1 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribag News: हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में स्थित ओपन जेल के डिटेंशन सेंटर से तीन बांग्लादेशी कैदियों के फरार होने की घटना 9 जून को सामने आई।

फरार कैदियों में दो महिलाएं, रीना खान उर्फ फिना देवी और निपाह अख्तर खुशी, तथा एक पुरुष, मोहम्मद नजमूल हंग, शामिल हैं। ये सभी अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के कारण हिरासत में थे।

जानकारी के अनुसार, रीना खान को 4 फरवरी 2022 को जामताड़ा जेल से, निपाह अख्तर को 28 सितंबर 2024 को रांची के होटवार जेल से, और मोहम्मद नजमूल को 1 मार्च 2025 को दुमका जेल से हजारीबाग के डिटेंशन सेंटर में स्थानांतरित किया गया था। बताया जा रहा है कि तीनों रविवार, 8 जून 2025 की देर रात फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश ने डिटेंशन सेंटर का दौरा कर जांच शुरू की, और जेल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब हजारीबाग के डिटेंशन सेंटर से कैदी फरार हुए हैं, जिसके चलते जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article