JLKM ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, भू-माफिया और पूंजीपतियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने रांची और पूरे झारखंड में अवैध जमीन कब्जे के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।

सोमवार को राजभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य में भू-माफिया, पूंजीपति वर्ग और कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है।

राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन

देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में JLKM के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर रांची के आसपास खेतीहर किसानों को भूमिहीन बनाने के षड्यंत्र का खुलासा किया।

ज्ञापन में बताया गया कि पूंजीपति वर्ग और जमीन दलाल मिलकर सीएनटी एक्ट की जमीन, गैर मजरुआ आम खास, कृषि भूमि, वन भूमि, पहनाई, बकास्त, जिरात, बकाश्त भुइहरी, हिंद केसरी और अन्य प्रकार की जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं।

‘जमीन बचाओ यात्रा’ की चेतावनी

महतो ने कहा, “यदि सरकार नियमों के तहत इस समस्या का समाधान नहीं करती, तो जल्द ही रांची के चारों ओर से लोगों का महाजुटान कर ‘जमीन बचाओ यात्रा’ आंदोलन शुरू किया जाएगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि JLKM अवैध कब्जे के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा और किसानों के हक के लिए लड़ाई लड़ेगा।

राज्यपाल का आश्वासन

देवेंद्र नाथ ने बताया कि राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में करमु मुंडा, नागेंद्र महतो, बाबूलाल महतो, जयंती देवी, संजय महतो, मालती देवी, चंदन महतो, धनेश्वर महतो, रजनीश कुमार महतो और शांति देवी शामिल थे।

Share This Article