बोकारो में भारी बारिश से तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा, दो रेडियल गेट खोले गए

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Weather Update: बोकारो जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण तेनुघाट डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बढ़ते जल दबाव को नियंत्रित करने के लिए बुधवार को स्थानीय प्रशासन की सहमति से डैम के दो रेडियल गेट खोल दिए गए।

2,200 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज 

तेनुघाट डैम के सहायक अभियंता मंगल देव सिंह ने बताया कि बारिश के कारण डैम के जलस्तर में अचानक वृद्धि हुई, जिसके चलते दो रेडियल गेट खोले गए। इससे प्रतिसेकंड लगभग 2,200 क्यूसेक पानी दामोदर नदी में डिस्चार्ज हो रहा है।

नदी किनारे अलर्ट

पानी छोड़ने से पहले प्रशासन ने दामोदर नदी के किनारे बसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों और स्थानीय अधिकारियों को सतर्क कर दिया था। साथ ही, नदी तट पर रहने वाले लोगों को नदी के पास न जाने की चेतावनी दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

तेनुघाट डैम प्रबंधन ने धनबाद और पश्चिम बंगाल प्रशासन को भी पानी छोड़ने की सूचना दी। डैम के कुल 18 फाटकों में से 10 रेडियल और 8 स्लुइस गेट हैं, और जरूरत पड़ने पर और फाटक खोले जा सकते हैं। डैम की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 852 फीट है, और वर्तमान स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share This Article