हजारीबाग में NTPC परियोजना के वाहनों को अपराधियों ने जलाया

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत जोराकाट क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ी आपराधिक घटना हुई। लगभग 35 हथियारबंद अपराधियों ने एनटीपीसी की बादम कोयला परियोजना के लिए सड़क निर्माण कर रही कंपनी एमएस पूजा इंटरप्राइजेज को निशाना बनाया।

हमले में कंपनी की कई महंगी मशीनें और वाहन आग के हवाले कर दिए गए। अपराधियों ने दो जेसीबी मशीनें, दो हाईवा ट्रक, एक ग्रेडर मशीन, एक टैंकर और एक पिकअप वैन को जला दिया। निर्माण स्थल पर मौजूद कर्मचारियों पर भी हमला किया गया।

कर्मचारियों पर हमला

कंपनी के मैनेजर रवि कुमार ने बताया कि जब कुछ कर्मचारियों ने विरोध किया, तो अपराधियों ने दो कर्मचारियों की पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पिछले 36 घंटों में हजारीबाग जिले की तीसरी बड़ी आपराधिक वारदात है। रविवार को हजारीबाग शहर में एक जेवरात दुकान पर सात राउंड फायरिंग हुई थी, जबकि सोमवार सुबह ओकनी क्षेत्र में डकैती की घटना हुई। इन लगातार वारदातों से जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

लेवी वसूली का शक

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह घटना लेवी वसूली से जुड़ी प्रतीत हो रही है। हालांकि, अभी तक किसी उग्रवादी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले के बाद सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे एनटीपीसी परियोजना पर असर पड़ने की आशंका है।

हजारीबाग के SP अंजनी अंजन ने मंगलवार को बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

Share This Article