झारखंड कांग्रेस के नेता दिल्ली रवाना, शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की लेंगे जानकारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Irfan Ansari left for Delhi: झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के निर्देश पर सह प्रभारी बेला प्रसाद और स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शुक्रवार को देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली पहुंचकर वे झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। दिशोम गुरु शिबू सोरेन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं, जहां उनकी तबीयत पिछले कुछ दिनों से नाजुक बनी हुई है।

गुरुजी झारखंड के निर्माता

दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “गुरुजी शिबू सोरेन झारखंड के निर्माता हैं। उनकी संघर्षपूर्ण राजनीति की बदौलत ही झारखंड अलग राज्य के रूप में स्थापित हुआ। उनकी तबीयत नाजुक होने की खबर से हम सभी चिंतित हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और चाहता हूं कि वे जल्द झारखंड लौटें।” उन्होंने बताया कि वे संथाल परगना के पार्टी कार्यक्रमों में व्यस्त थे, लेकिन कांग्रेस प्रभारी के. राजू के निर्देश पर तुरंत दिल्ली रवाना होने का फैसला लिया।

गुरुजी हमारे मार्गदर्शक

झारखंड कांग्रेस सह प्रभारी बेला प्रसाद ने कहा, “गुरुजी शिबू सोरेन हम सभी के मार्गदर्शक हैं। उनकी तबीयत को लेकर हम चिंतित हैं, लेकिन पूरी उम्मीद है कि वे जल्द पूरी तरह स्वस्थ होंगे। यह यात्रा हमारी भावनात्मक जिम्मेदारी और कांग्रेस पार्टी की संवेदनशीलता को दर्शाती है।”

दोनों नेताओं ने कहा कि दिल्ली पहुंचकर वे सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी लेंगे। इसके बाद वे प्राप्त जानकारी को पार्टी और जनता के साथ साझा करेंगे।

Share This Article