झारखंड में मूसलधार बारिश, रांची में 198% अधिक वर्षा, अलर्ट जारी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Weather Alert!: झारखंड में 1 जून से 29 जून तक मूसलधार बारिश (Torrential Rainfall) दर्ज की गई है, जिसमें रांची में सर्वाधिक 198% अधिक वर्षा हुई। रांची में सामान्य 190.7 मिमी की तुलना में 568.4 मिमी बारिश (Rainfall) रिकॉर्ड की गई। पूरे राज्य में सामान्य 181.4 मिमी के मुकाबले 327.5 मिमी बारिश हुई, जो औसत से 81% अधिक है। यह आंकड़े भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department, IMD) के रांची केंद्र द्वारा जारी किए गए हैं।

कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश, लातेहार में 190% अधिक वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, लातेहार में 190%, सरायकेला-खरसावां में 144%, रामगढ़ में 136%, पूर्वी सिंहभूम में 137%, लोहरदगा में 108%, सिमडेगा में 91%, पश्चिमी सिंहभूम में 84%, और खूंटी में 89% अधिक बारिश दर्ज की गई।

हालांकि, गोड्डा और देवघर जैसे कुछ जिले अभी भी 26% और 22% वर्षा की कमी (Rainfall Deficit) का सामना कर रहे हैं। रांची में भारी बारिश के कारण जलभराव (Waterlogging) और यातायात व्यवधान की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते प्रशासन ने स्कूल बंद करने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ऑरेंज और येलो अलर्ट, तापमान में स्थिरता

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 1 जुलाई के लिए रांची, खूंटी, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र (Low-Pressure Area) और झारखंड के ऊपर एक ट्रफ (Trough) के कारण यह बारिश हो रही है। सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 32, डालटेनगंज में 31.8, बोकारो में 32.5, और चाईबासा में 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share This Article