छतरपुर के बागेश्वर धाम में दीवार ढहने से एक की मौत, 10 से अधिक घायल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bageshwar Dham: छतरपुर जिले के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में मंगलवार तड़के एक धर्मशाला की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी 40 वर्षीय अनीता देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए छतरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सभी घायलों की स्थिति वर्तमान में स्थिर बताई जा रही है। श्रद्धालुओं के परिजनों ने बताया कि सभी लोग धर्मशाला में सो रहे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसके मलबे में कई लोग दब गए। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के अदलाहट गांव की रहने वाली अनीता देवी, पत्नी राजू, की मृत्यु हो गई। 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। छतरपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) आरपी गुप्ता ने बताया कि सुबह भारी बारिश के कारण बागेश्वर धाम में एक ढाबे की दीवार ढह गई। इसके मलबे में दबने से कुछ श्रद्धालु घायल हुए, और एक व्यक्ति की मृत्यु की खबर सामने आई है। घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।

Share This Article