
कन्नूर (केरल): कन्नूर डेंटल कॉलेज में संकाय सदस्यों द्वारा कथित तौर पर जाति के आधार पर प्रताड़ित किए जाने के कारण बीडीएस के छात्र नितिन राज की मौत के विरोध में छात्रों ने बृहस्पतिवार को परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया। परीक्षा दे रहे छात्रों को छोड़कर सभी बैच के छात्रों ने अंजराकांडी स्थित डेंटल कॉलेज के सामने विरोध मार्च निकाला और धरना दिया। बीडीएस के प्रथम वर्ष के छात्र नितिन राज आरएल (22) 10 अप्रैल को कथित तौर पर एक इमारत से गिरने के बाद मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास गंभीर रूप से घायल पाए गए थे। बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो संकाय सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, क्योंकि आरोप है कि उसे जाति और रंग के आधार पर परेशान किया गया था।

