
Dhanbad News: वासेपुर मटकुरिया के आंगनबाड़ी केंद्र के सेफ्टी टैंक में 22 सितंबर को मिले 22 साल के सोनू यादव के शव के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सोनू की हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका पुराना दोस्त तुलसी विश्वकर्मा उर्फ फेकन (28) निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में खुलासा
नगर SP ऋतिक श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि फोरेंसिक सबूतों के आधार पर मटकुरिया बस्ती के रहने वाले फेकन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में फेकन ने हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि सोनू और उसकी गहरी दोस्ती थी, लेकिन एक हफ्ते पहले दोनों में झगड़ा हो गया।
झगड़े में सोनू ने फेकन को गालियां दीं और बाद में मौका मिलने पर बार-बार बेइज्जत करता था। इससे गुस्साए फेकन ने सोनू के पेट में छुरा मारकर और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
शव को सेफ्टी टैंक में छुपाया
हत्या के बाद फेकन ने शव को छुपाने के लिए उसे आंगनबाड़ी के सूखे सेफ्टी टैंक में फेंक दिया। पुलिस ने फेकन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, कपड़े और चप्पल भी बरामद कर लिए हैं।
