समर स्पेशल ट्रेनों का बड़ा तोहफा: भीड़ से राहत के लिए 12 नई ट्रेनें, रांची समेत झारखंड को सीधा फायदा

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए 12 समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का ऐलान किया है। ये ट्रेनें गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे राज्यों को पूर्वी भारत से जोड़ेंगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी।

मई और जून के महीनों में ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है। इन स्पेशल ट्रेनों का सीधा लाभ झारखंड और बिहार के हजारों यात्रियों को मिलेगा, क्योंकि ये ट्रेनें आसनसोल मंडल के प्रमुख स्टेशनों आसनसोल, दुर्गापुर, चित्तरंजन और मधुपुर पर ठहरेंगी। इससे रांची, धनबाद, जामताड़ा और आसपास के इलाकों के यात्रियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।

रेलवे द्वारा घोषित प्रमुख ट्रेनों में

भावनगर-हावड़ा स्पेशल, साबरमती-दुर्गापुर स्पेशल, वलसाड-दुर्गापुर स्पेशल, उधना-दुर्गापुर स्पेशल, नांदेड़-आसनसोल स्पेशल और चारलापल्ली-मधुपुर स्पेशल शामिल हैं। पहले 10 ट्रेनों की घोषणा की गई थी, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दो और ट्रेनें—साबरमती-आसनसोल स्पेशल और सुल्तानपुर-डानकुनी स्पेशल भी जोड़ी गई हैं। इससे यात्रियों के पास अब अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।

इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे और रांची रेल मंडल से होकर भी कई समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी, जबकि वापसी में यह ट्रेन बुधवार को चलेगी। रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 4 अप्रैल से 27 जून तक शनिवार को और वापसी में रविवार को संचालित हो रही है। वहीं, अजमेर-रांची साप्ताहिक स्पेशल 17 अप्रैल से 10 जुलाई तक तथा रांची-अजमेर स्पेशल 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक चलाई जा रही है।

रांची होकर गुजरने वाली अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों में

सांतरागाछी-अजमेर स्पेशल, पटना-चारलापल्ली स्पेशल, रक्सौल-चारलापल्ली स्पेशल, तिरुपति-रक्सौल स्पेशल और गोंदिया-रक्सौल समर स्पेशल शामिल हैं। ये ट्रेनें अलग-अलग दिनों में निर्धारित तिथियों के अनुसार चलेंगी और यात्रियों को दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम और उत्तर भारत तक कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। आसनसोल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने कहा, गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सुविधा होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी। रेलवे लगातार यात्रियों की जरूरतों के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रहा है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रा को सुगम बनाना है। हर साल गर्मियों में बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं या छुट्टियां मनाने के लिए यात्रा करते हैं, जिससे ट्रेनों में दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन बेहद जरूरी हो जाता है। इन ट्रेनों की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर शुरू हो चुकी है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर टिकट बुक करें, क्योंकि ये ट्रेनें सीमित अवधि और निर्धारित ट्रिप के लिए ही चलाई जा रही हैं।

समर स्पेशल ट्रेनों का यह फैसला झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे न केवल कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा भी अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित हो सकेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।