
नई दिल्ली : उत्तराखंड में 19 अप्रैल से शुरू हुई चार धाम यात्रा के बाद से लगभग तीन लाख तीर्थयात्रियों ने चारों गढ़वाल हिमालयी धामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन किए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम सात बजे तक चारों गढ़वाल हिमालयी धामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में कुल 3,57,007 तीर्थयात्री दर्शन के लिए आ चुके हैं।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही चार धाम यात्रा शुरू हुई थी, 22 अप्रैल को केदारनाथ तथा 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। सबसे ज्यादा तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे जहां कुल 1,86,318 श्रद्धालुओं की आमद दर्ज की गई। कपाट खुलने वाले दिन वहां केवल एक दिन में ही 38,000 तीर्थयात्री पहुंचे।
बदरीनाथ में भी अब तक 69,044 तीर्थयात्री भगवान के दर्शन कर चुके हैं । गंगोत्री और यमुनोत्री पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या क्रमश: 50,753 और 50,892 रही। अधिकारियों ने कहा कि सभी हिमालयी धामों में बेहतर यात्रा प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन हो रहे हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि धामों के लिए तीर्थयात्रियों के पंजीकरण का आंकड़ा 24 लाख पार कर गया है।

