बेंगलुरु में किराए के फ्लैट में धनबाद की महिला का सड़ा-गला शव मिला

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु: बेंगलुरु में एक किराए के फ्लैट में 34 वर्षीय महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान झारखंड के धनबाद की निवासी पूजा दत्ता के रूप में हुई है। वह यहां एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। पुलिस ने बताया कि अदुगोडी में हुई यह घटना सोमवार को तब सामने आई जब पड़ोसियों ने उसके फ्लैट से आ रही दुर्गंध के बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि एक टीम मौके पर पहुंची, दरवाजा तोड़ा तो दत्ता का नग्न और खून से लथपथ शव मिला। उन्होंने कहा कि मौत दो से तीन दिन पहले होने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, हालांकि घर के अंदर फटे हुए कागज बिखरे हुए मिले, जिससे यह संदेह पैदा हुआ कि उसने अंदर से दरवाजा बंद करने के बाद आत्महत्या कर ली होगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या हत्या। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मकान मालकिन के अनुसार, दत्ता पिछले तीन वर्षों से किराए के फ्लैट में रह रही थीं और उन्हें आखिरी बार 23 अप्रैल को किराने का सामान खरीदने के लिए बाहर जाते हुए देखा गया था।
अदुगोडी पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।