
रांची : धुर्वा स्थित हटिया डैम से मंगलवार को डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया है। एनडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को डैम से निकाल लिया है। बता दें कि सोमवार देर रात आदर्श नगर धुर्वा निवासी अमन कुशवाहा के डैम में डूबने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन डैम के आसपास जमा हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डैम के किनारे अमन की बाइक और सामान बरामद हुआ था। इसके बाद लोगों ने युवक के डूबने की आशंका जताई थी। रात को काफी खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका था।
मंगलवार को सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद डैम में डूबे अमन कुशवाहा के शव को बाहर निकाल लिया। शव मिलने के बाद परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। युवक के डैम में डूबने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।

