रांची पुलिस को बड़ी राहत, 13 दिन बाद दो मासूम सुरक्षित मिले

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। धुर्वा इलाके से लापता हुए दो मासूम बच्चे अंश और अंशिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सुरक्षित खोज लिया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

सूचना देने पर चार लाख रुपये इनाम की घोषणा

बच्चों की तलाश को गंभीरता से लेते हुए रांची पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए चार लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके साथ ही पुलिस ने गंतव्य केयर फाउंडेशन नामक एक एनजीओ के साथ मिलकर पोस्टर अभियान भी चलाया। इस अभियान के जरिए बच्चों की तस्वीरें अलग-अलग इलाकों में लगाई गई थीं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंच सके।

मोबाइल और सीसीटीवी से हुई गहन जांच

राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर जांच शुरू की। इस दौरान करीब 5000 से ज्यादा मोबाइल नंबरों की जांच की गई और लगभग 2000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। लगातार मेहनत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली।

2 जनवरी को घर से निकले थे दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल से 2 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे अंश और अंशिका घर से कुछ सामान लेने निकले थे। लेकिन दोनों वापस नहीं लौटे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

धरना और बंद के बाद तेज हुई कार्रवाई

इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कई दिनों तक बच्चों का पता नहीं चलने पर परिजन धरने पर बैठ गए और रविवार को धुर्वा बंद भी किया गया। जनदबाव और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बच्चों को Ramgarh के चितरपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया। यह खबर सामने आते ही परिजनों और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।