रांची: झारखंड विधानसभा के चालू सत्र में खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने बुंडू के ऐतिहासिक बड़ा तालाब की बदहाल स्थिति का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि यह तालाब वर्तमान में जलकुंभियों से पूरी तरह पटा हुआ है, जिससे न केवल जलस्रोत की उपयोगिता प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास के पर्यावरण और आम लोगों की सुविधा पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि बुंडू बड़ा तालाब क्षेत्र की पहचान और आस्था का केंद्र है। यहां विभिन्न सामाजिक व धार्मिक गतिविधियां भी आयोजित होती हैं, लेकिन लंबे समय से नियमित सफाई और रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति चिंताजनक हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि तालाब की अविलंब सफाई कराई जाए, जलकुंभियों को हटाया जाए तथा योजनाबद्ध तरीके से सौंदर्यकरण किया जाए, ताकि इसे पर्यटन और जनसुविधा के दृष्टिकोण से भी विकसित किया जा सके। विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद बुंडू क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई करते हुए बड़ा तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।





