108 एंबुलेंस सेवा में वित्तीय अनियमितता का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने जांच के लिए लिखा पत्र

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में संचालित 108 एंबुलेंस सेवा में वित्तीय अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, एंबुलेंस संचालक एजेंसी सम्मान फाउंडेशन को किए गए कथित अधिक भुगतान की राशि वापस लेने और एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बााबूलाल ने पत्र में कहा है कि राज्य में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा लंबे समय से संचालित है। हालांकि, कई जिलों में एंबुलेंस खराब होने के कारण सेवा प्रभावित होती रहती है। उनका आरोप है कि कई महीनों से खराब पड़े वाहनों का भी निर्धारित दर से भुगतान संचालक एजेंसी को किया जा रहा है। पत्र के अनुसार, राज्य में कुल 543 एंबुलेंस का संचालन हो रहा है, जबकि 5 फरवरी 2025 से 500 एंबुलेंस के संचालन की जिम्मेदारी पटना के सम्मान फाउंडेशन को दी गई। उनका दावा है कि करीब 80 एंबुलेंस विभिन्न जिलों में कई महीनों से खराब हैं, लेकिन इनके लिए भी प्रति एंबुलेंस 93 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया गया। उन्होंने दावा किया कि खराब वाहनों के नाम पर करीब 5.74 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फरवरी से अक्टूबर 2025 तक करीब नौ महीने का पीएफ और ईएसआई भुगतान नहीं किया गया, जिसकी राशि लगभग 7.12 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा कर्मचारियों का फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक वेतन और ओवरटाइम भुगतान लंबित होने का भी दावा किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।