
रांची: राजधानी रांची के सेंट्रल यूनिवर्सिटी के चेरी–मनातू स्थित कैंपस में मंगलवार को सीबीआई की टीम पहुंची। सीबीआई की टीम ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ये छापेमारी की। आधा दर्जन से अधिक वाहनों में पहुंची सीबीआई की बड़ी टीम ने विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचते ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
सीबीआई के अनुसार यह कार्रवाई कोई नया मामला नहीं, बल्कि पुराने वित्तीय अनियमितता के मामलों की जांच के तहत की जा रही है। विशेष रूप से भवन निर्माण फंड के आवंटन और विश्वविद्यालय में की गई नियुक्तियों से संबंधित दस्तावेजों की एक साथ जांच की जा रही है। सीबीआई टीम ने विश्वविद्यालय के दूसरे तल पर स्थित कार्यालय में दर्जनों फाइलों को खंगाला और संबंधित अभिलेखों को अपने कब्जे में लिया।
जांच के दौरान कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने पास जमा करवा लिए गए और सभी को एक स्थान पर बैठने के निर्देश दिए गए। उस समय विश्वविद्यालय में छात्र अपने-अपने कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। जैसे ही सीबीआई टीम के पहुंचने की सूचना फैली, परिसर में अफरातफरी और हलचल का माहौल बन गया।
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब सीबीआई ने विश्वविद्यालय में दबिश दी हो। इससे पहले भी एजेंसी वित्तीय मामलों की जांच के सिलसिले में यहां कार्रवाई कर चुकी है। फिलहाल सीबीआई की टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

